आज इस प्लेटफ़ार्म पर मेरा
यह कहने का मन है कि हम सब लोग इस वास्तविकता को जान लें कि यहाँ हम में से कोई भी
स्थाई नहीं है सभी अस्थाई हैं और यहाँ हम केवल मात्र एक निश्चित समय के लिए हैं,ऐसे
में हमें उतना ही करना चाहिए जितना ज़रूरी है,अन्यथा हम प्रकृति के ख़िलाफ़ चल रहे
हैं।मेरे पापा का जाना मुझे बहुत से मायनों को समझा गया है हालाँकि मुझे अब लगता है
कि पापा भी मुझे यही समझाना चाह रहे थे लेकिन शायद वो बहुत स्पष्ट नहीं समझा
सके।मेरे पापा का जीवन अपने आपमें एक विस्तृत शब्दकोश है,आज मैं जब ५८ साल है की
उम्र में आ कर अपने पापा के समूचे जीवन पर दृष्टिपात करता हूँ तो मेरी सामने
चलचित्र की तरह एक एक बात घूम जाती है।मैंने अपने पूरे ५८ साल में पापा से अलग समय
कभी नहीं बिताया।मेरे पापा मेरे पिता तो थे ही लेकिन वो मेरे अध्यापक,मेरे गुरु और
मेरे हेड मास्टर भी रहे थे।मेरे जीवन की शुरुआत मेरी माँ और पापा के साथ हुई
उन्होंने मुझे सहज ही अप्रत्यक्ष रूप से जो दे दिया उसका मूल्य मुझे आज समझ आ रहा
है,,सबकुछ इतना अनमोल कि कोई परिभाषा नहीं की जा सकती।मुझे इस बात की पीड़ा है कि
जब हम अपने आपको अभिव्यक्त कर सकते हैं,सब कुछ अच्छे से बता सकते हैं तो फिर ऐसा
करते क्यों नहीं हैं?मेरे पापा से बढ़ कर शानदार अभिव्यक्ति कर सकने वाला इंसान
मिलना दुर्लभ है फिर भी उन्होनें बहुत कुछ समय पर क्यों छोड़ दिया?लर्निंग बाई
डूइंग का उनका आदर्श वाक्य सबके लिए समान रहा,उनका मानना था कि जो करके सीखा जा
सकता है वो अन्यत्र कहीं से नहीं सीखा जा सकता।इस सबके बावजूद उन्हों वो सब कुछ
मेरे भीतर क्यों नहीं उँड़ेल दिया जो उनको कहना था,समझाना था।पचास के दशक में जब
उनको कॉपरेटिव इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग के लिए उदयपुर भेजा गया तब मात्र छह महीने
में ही वहाँ से परेशान हो कर वापस गाँव की शुद्ध आबोहवा में आकर उन्होंने यह जता
दिया था कि उनके,मन में कुछ और ही करने का माद्दा है।तब तत्कालीन काल में उनको
अध्यापक लगा दिया गया और इससे वे बेहद संतुष्ट भी हुए क्योंकि उनके मन में नवाचार
करने की भावनायें हिलोरे ले रही थी जिनको अध्यापक बन कर ही शांत किया जा सकता
था।उस समय उनके मन में यह था कि शिक्षा मनुष्य को पशुता से इंसानियत की और ले जाती
है,उनके मन में उस समय ये बात किस वजह से कूट कूट कर भरी गई,ज्ञात नहीं।उनका
पदस्थापन बीकानेर शहर की स्कूल पाबू पाठशाला में किया गया,जहां उन्होंने अध्ययन
अध्यापन का कार्य तो किया लेकिन उनके मन मे चल रहे झंझावातों को मुक़ाम मिलता नज़र
नहीं आया।उनको लगा कि पुस्तक ले कर बच्चों को कोई बात बताना या सिखाना न्यायसंगत
नहीं हो सकता क्योंकि लिखित बातों का देश काल और परिस्थितियों से तालमेल हो यह संभव
नज़र नहीं आता। जिस शिक्षक ने अपने विद्यार्थी जीवन में बेहद तकलीफ़ देख कर
विद्याध्ययन किया हो,रोज़ाना बीसियों किलोमीटर पैदल चल कर पढ़ना सीखा हो,वो
विद्यार्थी सही मायनों में शिक्षा के सही मायने जान जाता है।उनको लगा कि ये शहर की
पाबू पाठशाला उनका मंतव्य नहीं है उनकी मंज़िल नहीं हैं।आईओएस, यह नाम था तत्कलीन
ज़िला शिक्षा कार्यालय का जिसे इंस्पेक्टर ऑफ़ स्कूल्स कहा जाता था।उस समय
प्रारंभिक और माध्यमिक का पृथक अस्तित्व नहीं होता था और आईओएस ही समूचे ज़िले में
शिक्षा प्रबंध के लिए स्वतंत्र होते थे,किसी भी प्रकार का कोई भी निर्णय लेने की
समग्र स्वतंत्रता के साथ आईओएस ऑफिस कार्य करता था।ऐसे आईओएस ऑफिस में जा कर
उन्होंने कहा कि उनका पदस्थापन किसी भी गाँव में कर दिया जाये।आईओएस ने आश्चर्य से
इसका कारण जानना चाहा लेकिन वो अपने हिक्स से इतना ही क्लीयर कर सके कि उनको अपनी
योग्यता के लिहाज़ से गाँव में ही शिक्षा की ज़्यादा आवश्यकता महसूस होती है
क्योंकि अपने स्वयं के अध्ययन के दौरान जो उन्होंने महसूस किया,जाना उसको एलोबोरेट
करना है,क्या,क्यों और कैसे ये भविष्य के गर्भ में है।आईओएस भी चूँकि मूलत: शिक्षक ही थे, उनको ये तो अवश्य लगा कि शहर के आराम से गाँव की दुशवार हालत में सामान्यत कोई नहीं जाना चाहता,कुछ तो बात है, लेकिन शिक्षक के निर्लिप्त आग्रह और आँखों में प्रबल आत्मविश्वास देख कर उन्होंने भावनाओं को समझा और गाँव की आबोहवा में स्वतंत्र विचरण के लिए उनका पदस्थापन गाँव में ही कर दिया।
Friday, April 19, 2024
मोबाइल रिचार्ज
आज १९ अप्रैल है,पापा के चले जाने के बाद २३ वाँदिन।पापा के मोबाइल का रिचार्ज १३
तारीख़ को ख़त्म होता थालेकिन वो १० तारीख़ से ही मुझे याद दिलाना शुरू कर देते थे
कि उनका मोबाइल रिचार्ज करना नहीं भूल जाऊँ।आज सहसा ध्यान आया कि पापा के मोबाइल को
रिचार्ज हुए बिना छह दिन बीत गये है।बहुत भारी हो गया मेरा मन,इंसान कैसा है?इतने
से दिनों में ही स्मृति लोप?मन में कसक उठ खड़ी हुई,वेदना व्याप्त हो गई सचमुच पापा
को तीन चार बार याद दिलाना पड़ता था कि महेंद्र मेरा मोबाइल रिचार्ज करना मत भूल जाना।अपने मोबाइल रिचार्ज के लिए,अब ये शब्द मेरे
कानों में कभी नहीं पड़ेंगे?महेंद्र,मेरा मोबाईल रीचार्ज करना मत भूल जाना।उनके
अनमोल दस्तावेज के पाने पलटते हुए उनकी ऐतिहासिक स्मृतियाँ ताजाहो रही हैं।मेरे
पापा का व्यक्तित्व अत्यंत विशाल था, उनके जीवन का पूरा हिस्सा इतना सुव्यवस्थित
था।जब से जन्म लिया तब से लेकर ५८ वर्ष की उम्र तक पापा के साथ रहा,मुझे हमेशां यही
लगा कि मैं उनके साथ रहता हूँ,उनके घर में रहता हूँ,मेरे घर मैं जो भी कुछ सामान है
सब उनका है,मेरे घर में जीतने भी बर्तन हैं उन सब पर नाम मेरे पापा का है,मेरे घर
की नेम प्लेट पर नाम मेरे पापा का है,ये घर मेरे नाम से नहीं उनके नाम से जाना जाता
है,कॉलोनी के और बाहर के सभी लोग इसे मेरा घर नहीं जानते,सब इसको मेरे पापा के घर
के नाम से जानते हैं,वे इस घर के सर्वोच्च मुखिया थे,उनकी एक आवाज से उनके एक आदेश
से मेरे घर में सभी के हलचल मच जाती थी।आज उनका मोबाइल रिचार्ज के लिए नहीं कहता,आज
उनका मोबाइल ख़ामोश भी है,अपनी डायरी में से देख देख कर अपने दोस्तों रिश्तेदारों
को फ़ोन करके तेज आवाज में हाल चाल जानने के उनके चिर परिचित अन्दाज़ से हॉल गूंजता
रहता था,आज सब कुछ शांत है,ख़ामोश है,घर का जर्रा जर्रा अजीब सी खामोशी का आवरण
ओढ़े हुए है।घर में जब भी कोई आता,डोर बेल बजाता तो मुझे पक्का यक़ीन होता था कि
अवश्य कोई ना कोई उनसे मिलने के लिये ही आये होंगे, और होता भी यही,आने वाले उनके
लिए ही होते थे।बहुत बार तो पापा को लोगों को ये बताना पड़ता था कि ये महेंद्र, है
छीटे वाला।मैंने कभी सपने में भी ये महसूस नहीं किया था कि मुझे उनके सानिध्य के
बिना भी रहना होगा,अब जब वो नहीं है तो उनकी अनुपस्थिति को अभिव्यक्त करने के लिए
शब्दों का अभाव है,किन शब्दों में बयान करूँ कि उनके बिना क्या है?कैसा है?दिल के
भीतर एक ज्वार उठता है ,गिरता है,अपरिभाषित इस वेदना को किसी के सामने व्यक्त भी
करूँ तो कलम ख़ामोश है,शब्द गूँगे है,पहली बार इतना असहाय महसूस करता हूँ किसको
कहूँ,क्या कहूँ?क्योंकि जो बिना कहे ही समझ जाते थे वो तो अब हैं नहीं।पापा बहुत
चुप चुप रहते थे,अनावश्यक बोलने की उनकी आदत नहीं थी,इसलिए उनकी आवश्यकता और भावना
को बिना कहे ही समझ जाना होता था,उनके हाव भाव,उनके समय की पाबंदी आदि ऐसे तथ्य थे
जिनके कारण उनके प्रति कुछ भी जानना मुश्किल नहीं रहा।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
.jpg)
No comments:
Post a Comment